Explore

Search

May 27, 2026 12:09 am

सीवान: उन्नाव एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, सिवान के दरोगा और कैदी समेत 6 की मौत

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

गुरुग्राम से पेशी कर लौट रही पुलिस टीम की बस पलटी, तीन पुलिसकर्मी घायल


  • लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर अनियंत्रित होकर पलटी डबल डेकर बस
  • सिवान पुलिस लाइन के दरोगा रविचरण राम और कैदी छत्रपाल सिंह तोमर की मौत
  • तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल, कई यात्री लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर
  • ड्राइवर को झपकी आने से हादसे की आशंका, बस डिवाइडर से टकराकर पलटी

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में सिवान पुलिस के एक दरोगा और एक कैदी समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब गुरुग्राम से पेशी कर लौट रही डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कई यात्री बस की खिड़कियों से नीचे जा गिरे।
मृतकों में सिवान पुलिस लाइन में तैनात प्रा.अ.नि. रविचरण राम (59) तथा कैदी डॉ. सी.एस. तोमर उर्फ छत्रपाल सिंह तोमर शामिल हैं। रविचरण राम सिवान जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के महुवारी गांव के निवासी थे। वहीं मृत कैदी गुरुग्राम के लक्ष्मण विहार थाना क्षेत्र का रहने वाला था। चार अन्य मृतकों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
जानकारी के अनुसार, सिवान मंडल कारा में बंद कैदी छत्रपाल सिंह तोमर को गुरुग्राम स्थित न्यायालय में पेशी के लिए 23 मई को सिवान पुलिस की टीम लेकर गई थी। 25 मई को पेशी पूरी होने के बाद पुलिस टीम उसे वापस सिवान ला रही थी। इसी दौरान मंगलवार की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र अंतर्गत एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 262/274 के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस काफी तेज रफ्तार में थी। टक्कर के बाद बस रेलिंग पर लटक गई। कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही यूपी पुलिस, यूपीडा की टीम और कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को बाहर निकालकर पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। अस्पताल परिसर में घायल दर्द से कराहते रहे और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस की शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।


इस दुर्घटना में सिवान पुलिस के तीन अन्य जवान भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिवान ने उत्तर प्रदेश पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। साथ ही पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) के नेतृत्व में एक टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सिवान द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि मृत पुलिस पदाधिकारी एवं कैदी के शव को विधिक प्रक्रिया पूरी कर सिवान लाने की कार्रवाई की जा रही है। सिवान पुलिस ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
बताया जाता है कि मृत कैदी छत्रपाल सिंह तोमर सिवान के चर्चित विक्की पाठक हत्याकांड में आरोपित था। विक्की पाठक उर्फ लंगड़ा की महादेवा इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसी मामले में छत्रपाल सिंह तोमर का नाम सामने आया था और वह पिछले कुछ वर्षों से सिवान मंडल कारा में बंद था।
उधर, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। सिवान पुलिस लाइन में मृत दरोगा रविचरण राम के पार्थिव शरीर के पहुंचने पर उन्हें पुलिस अधिकारियों द्वारा श्रद्धांजलि दी जाएगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर