Explore

Search

April 11, 2026 11:20 pm

सीवान : अलग-अलग जगहों से लूट मामले में तीन बदमाश गिरफ्तार

✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान: जिले की विभिन्न थानों की पुलिस ने लूट के मामले में अलग-अलग स्थानों से तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूट का सामान भी बरामद किया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान आंदर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी मुन्ना राजा, हसनपुरा एमएच नगर थाना क्षेत्र के सिरज्जुदीन खलीफा, और मोतिहारी के केसरिया थाना क्षेत्र के चांदपरसा गांव निवासी सुरेंद्र साहनी उर्फ नीरज साहनी के रूप में हुई है।

सिसवन थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 20 अक्टूबर को भरवलिया निवासी आकाश कुमार सिंह ने थाना में आवेदन देकर मुन्ना राजा और सिरज्जुदीन खलीफा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन में उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर को जब वह चैनपुर बाजार से चांदपुर चकरी नहर के रास्ते अपने घर लौट रहे थे, तब बदमाशों ने जेलर के मठिया गांव मोड़ पर हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस इन दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी और बुधवार की देर शाम उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद गुरुवार को उन्हें जेल भेज दिया गया।

वहीं, सराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के उखई स्थित बैंक के पास एक महिला से रुपये झपटने वाले बदमाश सुरेंद्र साहनी को कैलगढ़ से गिरफ्तार किया गया। पीड़ित महिला ने थाना में कांड संख्या 585/24 दर्ज कराई थी। उसने बताया कि बैंक में एक युवक ने उसका फार्म भरा था, और रुपये निकालने के बाद बाहर आते ही उसी युवक ने 12 हजार रुपये झपट लिए। स्थानीय लोगों की मदद से बदमाश को पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वह भागने में सफल रहा। बाद में पुलिस को सूचना मिली कि वह कैलगढ़ बैंक के पास है। छापेमारी में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से 6,300 रुपये और एक मोबाइल बरामद किया। यह वही युवक था जिसने महिला का बैंक में फार्म भरा था।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर