✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पांडेय ने किया उद्घाटन, सैकड़ों कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित
सीवान के चांप स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर ‘अटल विरासत सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् गीत के साथ की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पांडेय ने किया, जबकि अध्यक्षता भाजपा पश्चिमी के अध्यक्ष राहुल तिवारी ने की।
मंगल पांडेय ने इस अवसर पर कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपना संपूर्ण जीवन मां भारती के चरणों में अर्पित कर दिया। वे कार्यकर्ताओं के हृदय में बसते थे और उनकी पुकार पर तुरंत उपस्थित हो जाते थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना जैसी दूरदर्शी योजनाओं से वाजपेयी ने पूरे देश को जोड़ा। उन्होंने आह्वान किया कि वर्तमान पीढ़ी को अटल जी से प्रेरणा लेकर भारतीय जनता पार्टी को और ऊंचाइयों तक ले जाना चाहिए।
इस अवसर पर सीवान जिले के 500 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से गोरियाकोठी विधायक देवेश कांत सिंह, दारौंदा विधायक करणजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, कापरेटिव बैंक अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। मंच संचालन कुंदन सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन भाजपा पूर्वी के अध्यक्ष रंजीत प्रसाद ने किया।
सम्मानित कार्यकर्ताओं में प्रमुख नाम: रंग बहादुर सिंह, रामदयाल तिवारी, शंभू गुप्ता, लल्लन मिश्र, परमेश्वर साहू, योगमाया पांडेय आदि।

