Explore

Search

July 8, 2026 11:55 pm

सिसवन में सीओ पंकज कुमार को सम्मानपूर्ण विदाई, उदयन सिंह ने संभाला कार्यभार

✒️ स्वराज सिंह

विदाई समारोह में अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया सम्मानित, नए सीओ ने पारदर्शी और समयबद्ध कार्यशैली का दिया भरोसा।

सिसवन (सिवान): प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में सोमवार को निवर्तमान अंचलाधिकारी पंकज कुमार के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें फूल-माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया तथा आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहे।
अपने संबोधन में पंकज कुमार ने कहा कि सिसवन में बिताया गया समय उनके प्रशासनिक जीवन का यादगार अध्याय रहेगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से मिले सहयोग एवं स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा की सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन यहां के लोगों का अपनापन और सम्मान हमेशा उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा।
इसी दौरान नवपदस्थापित अंचलाधिकारी उदयन सिंह ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने अंचल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी राजस्व एवं प्रशासनिक कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेही के साथ निष्पादित किए जाएं, ताकि आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
नवपदस्थापित अंचलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना, अवैध कब्जों पर प्रभावी कार्रवाई तथा भू-माफियाओं पर सख्ती उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगी। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को समय पर जाति, आय, निवास एवं क्रीमीलेयर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उन्हें छात्रवृत्ति, नामांकन एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। साथ ही लंबित जमाबंदी, दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं अन्य राजस्व मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने नए अंचलाधिकारी का स्वागत करते हुए जनहित के मामलों के त्वरित निष्पादन, पारदर्शी प्रशासन और सुशासन की अपेक्षा व्यक्त की। लोगों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी, जवाबदेह तथा जनहितैषी बनेगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर