✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिसवन प्रखंड के जयी छपरा स्थित जानकी धाम में चल रहे भागवत कथा महोत्सव के चौथे दिन सोमवार को कथा वाचक केन बाबा ने राम जन्म और कृष्ण जन्म की कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
उन्होंने कहा कि कलियुग में भागवत कथा सुनने मात्र से प्राणी को मोक्ष की प्राप्ति होती है और जन्म-जन्मांतर के पापों का नाश होता है। केन बाबा ने भगवान राम और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए धर्म, अर्थ, काम, और मोक्ष की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 24 लाख योनियों में भटकने के बाद मानव शरीर की प्राप्ति होती है, जो जीवन में धर्म और साधना का अवसर देता है।
उन्होंने कहा कि जब-जब अत्याचार और अन्याय बढ़ता है, तब प्रभु अवतार लेते हैं। जब रावण का अत्याचार बढ़ा, तब राम का जन्म हुआ, और जब कंस ने मर्यादाएं तोड़ीं, तब श्रीकृष्ण ने जन्म लिया। भागवत कथा को मन की शांति और अहंकार के नाश का माध्यम बताते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को भागवत कथा के महत्व को समझने का संदेश दिया।
भागवत कथा के आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण और श्रद्धालुओं के बीच खुशी का माहौल है।

