✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिसवन : प्रखंड के जयी छपरा स्थित जानकी धाम में चल रहे भागवत कथा सह ज्ञान महायज्ञ की पूर्णाहुति शुक्रवार को हवन पूजा के साथ संपन्न हुई। आचार्यों ने लोकहित कामना और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन में पूर्णाहुति कराई, जिससे श्रद्धालुओं की जयकारों से वातावरण गूंज उठा। इस अवसर पर भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
हवन कार्यक्रम के दौरान आचार्य पंडित संतोष द्विवेदी ने कहा कि यज्ञ न केवल वातावरण और वायुमंडल को शुद्ध करता है, बल्कि व्यक्ति के आत्मिक बल को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में शामिल होना धार्मिक आस्था को बढ़ाने के लिए आवश्यक है।
भंडारे में सबसे पहले कन्याओं और संत बाबा ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने जयघोष करते हुए प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम देर शाम तक चला।
इस आयोजन में विश्वजीत पांडेय, सचिन पांडेय, बिट्टू यादव, माला देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

