सिसवन : तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिसवन-सिवान मुख्य मार्ग पर हुआ हादसा, चालक वाहन छोड़कर फरार
सिसवन (सिवान): थाना क्षेत्र के घुरघाट गांव स्थित यादव टोला के समीप शुक्रवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान घुरघाट निवासी डोमर महतो के पुत्र धनेश कुमार महतो (30) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धनेश किसी काम से घर से निकला था और सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत धनेश को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही एसआई कौशल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में जुट गई है।
धनेश के परिवार में उसकी पत्नी ममिता देवी, मां हेवंती देवी और पांच वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी हैं। हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। धनेश चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
घटना की सूचना मिलते ही मुखिया शैलेश तिवारी और पूर्व मुखिया सुनील मिश्रा पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें ढाढ़स बंधाया। गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिजनों के पास पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं।