Explore

Search

June 4, 2026 11:47 pm

सिसवन : जमीनी विवाद में युवक की गला रेतकर हत्या, हरिहर छपरा में सनसनी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

  • सिसवन थाना क्षेत्र के हरिहर छपरा गांव में युवक की निर्मम हत्या।
  • सो रहे युवक का धारदार हथियार से गला रेतकर किया गया कत्ल।
  • भूमि विवाद को हत्या की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
  • पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
  • सुप्तावस्था में वारदात को अंजाम, जांच में जुटी पुलिस

सिवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिहर छपरा गांव में बुधवार की अलसुबह एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान हरिहर छपरा गांव निवासी शिवकुमार राय के 30 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार राय के रूप में हुई है। वह दो भाइयों में छोटा था और अविवाहित था। परिजनों के अनुसार राकेश गुजरात की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और करीब दस दिन पहले ही गांव लौटा था।
बताया जाता है कि राकेश अपने नए मकान के निर्माण की तैयारी कर रहा था। जिस जमीन पर वह घर बनवाना चाहता था, वहां नींव की खुदाई का कार्य शुरू कराया गया था। मंगलवार की रात वह उसी स्थान पर सोया हुआ था। बुधवार की सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे तो वह खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसके गले पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान पाए गए। यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के अनुसार जिस जमीन पर मकान निर्माण कराया जा रहा था, उसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कुछ लोग उक्त भूमि को सरकारी जमीन बताते हुए उस पर अपना दावा जता रहे थे। ऐसे में भूमि विवाद को हत्या की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा और सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा सिसवन थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर खून समेत अन्य नमूने संग्रहित किए और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस अधिकारियों ने मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की थी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर