✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
हरिहर छपरा हत्याकांड में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अन्य आरोपितों की तलाश जारी
- हरिहर छपरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई थी युवक की हत्या
- मृतक के भाई के आवेदन पर तीन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
- एक नामजद आरोपित गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
- अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
सिवान: सिसवन थाना क्षेत्र के हरिहर छपरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, मामले के अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को हरिहर छपरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई घटना में एक युवक की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। इस मामले में मृतक के बड़े भाई राजू कुमार राय ने सिसवन थाना में आवेदन देकर घुरघाट गांव के तीन लोगों को नामजद आरोपित बनाया है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जमीनी विवाद को लेकर उनके भाई की हत्या की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
सिसवन थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घुरघाट गांव निवासी नामजद आरोपित अजीत कुमार राम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले के दो अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और शेष आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

