✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
चार दिनों में पुलिस ने सुलझाया मामला, हथियार व नगद बरामद
• 15 अप्रैल को भेलपुर के पास हुई थी लूट की घटना
• CSP संचालक से 2.50 लाख रुपये लूटे गए थे
• पुलिस ने तीन अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
• 1.09 लाख रुपये, पिस्टल व बाइक बरामद
सिवान: जी.बी. नगर थाना क्षेत्र में CSP संचालक से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिवान के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को ग्राम भेलपुर के समीप CSP संचालक विकास कुमार सिंह उर्फ सिकू सिंह से मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर 2 लाख 50 हजार रुपये लूट लिए थे। इस संबंध में वादी के आवेदन पर बीएनएस की धारा 309(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के त्वरित खुलासे के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज एवं आसूचना के आधार पर पुलिस ने कांड में शामिल अभियुक्तों की पहचान कर प्रेम कुमार (बहादुरपुर उसूरी) को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देशी पिस्टल, दो कारतूस और एक लाख रुपये नगद बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर दो अन्य अभियुक्त आशू कुमार और धर्मेंद्र कुमार उर्फ बाबा को भी गिरफ्तार किया गया। धर्मेंद्र कुमार के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई, जबकि आशू कुमार के पास से 9 हजार रुपये नगद बरामद किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि लूट की कुल राशि 1 लाख 30 हजार रुपये थी, जिसमें से 1 लाख 9 हजार रुपये पुलिस द्वारा बरामद कर लिए गए हैं। मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।
टीम में शामिल अधिकारी:
राजेश कुमार सिंह (थानाध्यक्ष), दुर्गा कुमारी, शिव शंकर उरांव, निर्मल कुमार, चंदन कुमार, धनंजय कुमार

