✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: मखदूम सराय महावीरी पथ स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थानीय शाखा पर मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में संस्था के मेडिकल विंग के सचिव, राजयोगी ब्रह्माकुमार डॉ. बनारसी भाई ने अपने संदेश में कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था विश्व की सबसे बड़ी आध्यात्मिक संस्था है। यह संसार के 140 देशों में लगभग 10,000 सेवाकेंद्रों का संचालन कर रही है।
उन्होंने कहा कि यह संस्था मानव को रावणी बुद्धि से देवताई बुद्धि का रूप प्रदान करती है। उन्होंने इसे उदाहरण स्वरूप समझाया कि भैंस बुद्धि का तात्पर्य यह है कि किसी व्यक्ति में बुद्धि का अभाव है, और ईश्वर के संदेशों के माध्यम से उसे जागरूक और बुद्धिमान बनाया जाता है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण और व्यापारियों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित कार्यक्रमों की भी चर्चा की।
कार्यक्रम में सेवाकेंद्र संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सुधा दीदी, आरा सेवाकेंद्र संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी किरण बहन और रींकी बहन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सुधा दीदी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य आत्मा को शुद्ध करना और समाज में नैतिकता का विकास करना है।
कार्यक्रम में प्रेम भाई, अनिल भाई, निर्मल भाई, सुभाष भाई, मुकेश भाई सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

