✍🏽 परवेज़ अख्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: जिले के विभिन्न स्थानों पर रविवार को स्वामी विवेकानंद का जन्म दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने पर बल दिया गया।
जानकारी के अनुसार, महाराजगंज प्रखंड के बंगरा स्थित देवलोक विवाह भवन परिसर में स्वामी विवेकानंद का जन्म दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सर्जन डा. विनय कुमार, डा. राजीव रंजन, डा. अभिषेक कुंदन, डा. राजेश कुमार सिंह, विवेकानंद विचार मंच के अध्यक्ष शशिभूषण सिंह, अधिवक्ता पुनीत पुष्कर और प्रफुल्ल गौतम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि डा. विनय कुमार ने कहा कि स्वामी विवेकानंद आधुनिक भारत के सबसे प्रभावी व्यक्तित्व थे। उन्होंने पूरे विश्व में भारतीय सभ्यता और संस्कृति का परिचय कराया। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि सबल राष्ट्र के निर्माण के लिए स्वामी विवेकानंद से सीख लेकर उन्हें अपने जीवन में उतारना होगा।
कार्यक्रम में डा. त्रिपुरारी शरण और डा. मनोहर सौरभ ने भी स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता पुनीत पुष्कर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन किसान नेता मनोज कुमार सिंह ने दिया।
इसके अतिरिक्त, मझवलिया में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महाराजगंज के जिला संयोजक हिमांशु कुमार के नेतृत्व में स्वामी विवेकानंद का जन्म दिवस युवा दिवस के रूप में मनाया गया। हसनपुरा प्रखंड के लहेजी में भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रविजय प्रकाश उर्फ हैप्पी यादव के आवास पर भी स्वामी विवेकानंद का जन्म दिवस मनाया गया।
हैप्पी यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं के योगदान के लिए जो रास्ता दिखाया, वह आज भी प्रासंगिक है। स्वामी जी के विचारों को समाज के हर तबके तक पहुंचाने के लिए गांव-गांव में अभियान चलाकर प्रचार-प्रसार करना आवश्यक है।
इस अवसर पर मंद्रापाली निवासी ओम विकास शाह को पंजाब यूनिवर्सिटी की तरफ से जुडो-कराटा 19वीं नैशनल चैंपियनशिप में विजेता बनने पर अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अजय पांडेय, नन्हें तिवारी, नकुल यादव, संजय यादव, मुकेश यादव, परदेसी यादव, संजय मिश्रा, अरविंद मिश्रा, पप्पू यादव, मनोज साह आदि उपस्थित थे।

