Explore

Search

April 4, 2026 6:42 am

सिवान : सुशील कुमार मोदी के जन्म दिवस पर अंगदान का लिया गया संकल्प

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान: नई बस्ती महादेवा स्थित मूक बधिर स्कूल में शनिवार को दधीचि देहदान समिति द्वारा अंगदान और नेत्रदान को समर्पित संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समिति के संस्थापक एवं संरक्षक सुशील कुमार मोदी के जन्म दिवस पखवाड़ा सप्ताह के तहत आयोजित किया गया। इस अवसर पर बच्चों के बीच कॉपी, कलम और किताब का वितरण किया गया। साथ ही मिठाई बांटी गई और सभी से नेत्रदान व अंगदान का संकल्प लेने की अपील की गई।

कार्यक्रम में दधीचि देहदान समिति के जिलाध्यक्ष नीलेश वर्मा नील ने बच्चों और शिक्षकों से सामूहिक रूप से नेत्रदान/अंगदान का संकल्प कराया। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में बिहार में 1500 से अधिक कॉर्निया दान, 19 देहदान और 2 अंगदान हो चुके हैं। इसके अलावा, 5000 से अधिक लोगों ने संकल्प पत्र भरे हैं।

समारोह के दौरान समिति के सचिव सतीश शर्मा, भारत भूषण पांडेय, राकेश कुमार और राहुल रंजन ने अंगदान की महत्ता पर विचार साझा किए। भारत भूषण पांडेय ने उपस्थित लोगों से महर्षि दधीचि की परंपरा अपनाने और पीड़ित मानवता की सेवा के लिए नेत्रदान/देहदान का संकल्प लेने का आग्रह किया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्व. सुशील कुमार मोदी के चित्र पर पुष्प अर्पित करने और उनकी स्मृति में पौधारोपण से हुई। इस अवसर पर लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद कुमार पाठक और दी स्टेप्स पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर अभिषेक कुमार सिंह ने भी नेत्रदान का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के संचालन में सतीश शर्मा, राकेश कुमार और राहुल रंजन का विशेष योगदान रहा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर