✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: पटना उच्च न्यायालय के महानिबंधक के आदेशानुसार सिविल कोर्ट के क्लर्क पद की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। यह परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक होगी।
जिला शिक्षा विभाग कार्यालय के अनुसार, दोनों पालियों में कुल 10,168 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें प्रत्येक पाली में 5,084 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। पर्याप्त संख्या में गश्ती दल, दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल तैनात किए गए हैं।
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को घड़ी, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ और कैलकुलेटर लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी। अगर किसी अभ्यर्थी को इन उपकरणों के साथ पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इन विद्यालयों में बनाए गए परीक्षा केंद्र:
1. दारोगा प्रसाद राय डिग्री कॉलेज: 408 अभ्यर्थी
2. ब्रजकिशोर डीएवी पब्लिक स्कूल श्रीनगर: 384 अभ्यर्थी
3. डीएवी उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज: 1,100 अभ्यर्थी
4. डॉन बॉस्को हाई स्कूल बैशाखी: 720 अभ्यर्थी
5. इस्लामिया उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज पुरानी किला: 500 अभ्यर्थी
6. महावीरी सरस्वती शिशु मंदिर मखदुम सराय: 400 अभ्यर्थी
7. संघमित्रा पब्लिक स्कूल: 744 अभ्यर्थी
8. वीएम उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज: 828 अभ्यर्थी
जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

