✍🏽 परवेज़ अख्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: बिहार प्रदेश न्यायिक कर्मचारी संघ के आह्वान पर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर जिले में शुक्रवार को भी दिखा। सिविल कोर्ट के कर्मचारियों ने हड़ताल के दूसरे दिन भी अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी रखा। कोर्ट परिसर में न्यायिक कर्मचारी हाथों में तख्तियां लेकर घूम-घूम कर प्रदर्शन करते नजर आए।
दूसरे दिन हड़ताल और सख्त होती दिखी। कर्मचारियों ने कोर्ट के सभी कार्यालयों, इजलास कक्ष, पुलिस वार्ड और हाजत में तालाबंदी कर दी। रिमांड प्रक्रिया भी बाधित रही, जिसके चलते पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों को बिना रिमांड के वापस भेज दिया गया।
कर्मचारी वेतनमान में विसंगतियों को दूर करने, राज्य सरकार के कर्मचारियों के समान वेतनमान लागू करने, न्यायिक कैडर लागू करने और तृतीय व चतुर्थ वर्ग के कर्मचारियों के ग्रेडेशन लागू करने की मांग कर रहे हैं।
हड़ताल के दौरान कर्मचारियों की एकता और दृढ़ संकल्प साफ नजर आया। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।
अदालती कार्य पूरी तरह से ठप हो गया है, जिससे विभिन्न आपराधिक मामलों की सुनवाई और अन्य प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं। हड़ताल के चलते आम लोगों को भी न्यायिक कार्य में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

