Explore

Search

March 17, 2026 1:50 am

सिवान : सिंह चाइल्ड केयर नर्सिंग होम में तीन माह के बच्चे की मौत, परिजनों का हंगामा

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

अस्पताल रोड स्थित सिंह चाइल्ड केयर में इलाज के बाद बिगड़ी हालत, सदर अस्पताल में बच्चे को किया गया मृत घोषित

  • अस्पताल रोड स्थित सिंह चाइल्ड केयर नर्सिंग होम में तीन माह के बच्चे की मौत
  • इंजेक्शन लगाने के बाद घर भेजने का परिजनों ने लगाया आरोप
  • मौत के बाद नर्सिंग होम में परिजनों ने किया हंगामा
  • पुलिस पहुंचकर स्थिति को कराया शांत

नगर थाना क्षेत्र के अस्पताल रोड स्थित सिंह चाइल्ड केयर नर्सिंग होम में तीन माह के एक बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया।
मृतक की पहचान सराय थाना क्षेत्र के मखदुम सराय निवासी नागेंद्र कुमार के तीन माह के पुत्र भीम कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार बच्चे को सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत थी। सोमवार की सुबह करीब सात बजे नागेंद्र कुमार ने डॉक्टर मनोज कुमार के क्लीनिक में नंबर लगवाया था। इसके बाद वह करीब दस बजे बच्चे को लेकर अस्पताल रोड स्थित सिंह चाइल्ड केयर नर्सिंग होम पहुंचे। उस समय डॉक्टर मौजूद नहीं थे और कंपाउंडर ही मरीजों का इलाज कर रहे थे।
आरोप है कि कंपाउंडर ने बच्चे की जांच के बाद एक साथ तीन इंजेक्शन लगा दिए और शाम में एक और इंजेक्शन लगाने के लिए क्लीनिक पर आने को कहा। इंजेक्शन लगाने के बाद परिजन बच्चे को लेकर घर जा रहे थे, तभी रास्ते में ही बच्चे की हालत बिगड़ने लगी और उसका शरीर ठंडा पड़ने लगा।
घबराए परिजन तुरंत बच्चे को लेकर फिर नर्सिंग होम पहुंचे, जहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। कंपाउंडरों ने बच्चे की स्थिति गंभीर बताते हुए सदर अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर सदर अस्पताल के पीकू वार्ड पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और नर्सिंग होम पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होते देख एक कंपाउंडर वहां से फरार हो गया, जबकि दूसरे कंपाउंडर के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की भी बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना इंस्पेक्टर अविनाश कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।
वहीं नर्सिंग होम के चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार ने इस तरह की किसी घटना से इनकार किया है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर