✍🏽परवेज़ अख्तर/एडिटर इन चीफ
शहर के गौशाला रोड स्थित श्री साईं मल्टी स्पेशलिस्ट हास्पिटल में एक गरीब मरीज का नि:शुल्क ऑपरेशन चेयरमैन डॉ. रामेश्वर कुमार द्वारा किया गया। डॉ. कुमार ने बताया कि लकड़ी नबीगंज प्रखंड के जलालपुर निवासी एवं बस कंडक्टर शहाबुद्दीन का सड़क दुर्घटना में पैर की हड्डी टूट गई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह उचित इलाज कराने में असमर्थ था।
बस मालिक हृदयानंद सिंह के सहयोग से शहाबुद्दीन को श्री साईं मल्टी स्पेशलिस्ट हास्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। गरीब मरीज की स्थिति को देखते हुए डॉ. रामेश्वर कुमार ने अपने पिता कामेश्वर सिंह की पुण्यतिथि पर नि:शुल्क उपचार का निर्णय लिया।
डॉ. कुमार ने बताया कि मरीज के पैर की स्थिति गंभीर थी और इलाज के लिए ऑपरेशन आवश्यक था। उन्होंने कहा कि अक्सर पैसों के अभाव में गरीब मरीजों की टूटी हड्डियां सही तरीके से नहीं जुड़ पातीं, जिससे वे जीवनभर अपाहिज हो जाते हैं। इस मरीज की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आधुनिक विधि से नि:शुल्क ऑपरेशन किया गया और दवा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई।
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. जैनुद्दीन ने बताया कि ऑपरेशन सफल रहा और मरीज की स्थिति पहले से काफी बेहतर है। उन्होंने कहा कि अस्पताल गरीब मरीजों के इलाज पर विशेष ध्यान देता है और जरूरतमंदों का नि:शुल्क इलाज भी किया जाता है।

