Explore

Search

March 24, 2026 1:38 am

सिवान : सांस्कृतिक संध्या में उमंग, उल्लास और उत्साह की बही त्रिवेणी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

बिहार दिवस पर टाउन हॉल में दिखी संस्कृति की रंगीन झलक

  •  बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा सभी का मन
  • छठ, डोमकच, झिझिया और कथक की शानदार प्रस्तुति
  • डीएम व एसपी ने प्रतिभागियों को किया सम्मानित
  • कार्यक्रम में लोक संस्कृति और विरासत की झलक

सिवान : बिहार दिवस के अवसर पर शहर के टाउन हॉल में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उमंग, उल्लास और उत्साह की त्रिवेणी बहती नजर आई। कार्यक्रम में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिली, जहां बच्चों और कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद विद्यालय की बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्ति और सौहार्द से भर दिया। इसके बाद छठ पूजा, डोमकच लोक नाट्य, झिझिया लोकनृत्य, कथक नृत्य और गणपति वंदना की प्रस्तुतियों ने मंच को जीवंत बना दिया।
नृत्योदय द परफॉर्मिंग आर्ट्स (नटपा) की प्रशिक्षु नृत्यांगनाएं श्रेया द्विवेदी, अंजली कुमारी, दीक्षा रानी और अभ्यांशी ने गणेश वंदना और शिव स्तुति पर कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इन प्रस्तुतियों का नृत्य निर्देशन ललिता देवी एवं संगीत शिक्षिका श्वेता कुमारी द्वारा किया गया था।
नृत्य शिक्षिका बाबली डे के नेतृत्व में बिहार के लोकनृत्यों की सामूहिक प्रस्तुति ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं तुषार ने गिटार पर छठ गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार किया। इप्टा के स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत डोमकच लोकनाट्य ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
गौरव कुमार के “हां हम बिहारी हैं जी” गीत पर जमकर तालियां बजीं, जबकि स्थानीय कलाकार राजन कुमार और मोहम्मद इमरान के शहनाई वादन ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय को प्रथम, स्मार्ट स्टेप स्कूल को द्वितीय, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय दारौंदा को तृतीय तथा डीएवी पब्लिक स्कूल को चौथा स्थान प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने सभी प्रतिभागियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने बिहार के विकास, सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर