✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
45 पार्षदों के विश्वास से चुने गए सदस्य, जनता की समस्याओं के समाधान की उम्मीद
सीवान नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के चुनाव के बाद वार्ड संख्या 31 के पूर्व पार्षद एवं आरटीआई कार्यकर्ता इंतेखाब अहमद ने नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए उनसे शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान की अपेक्षा जताई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से जनप्रतिनिधियों का चयन होता है और बहुमत का विश्वास प्राप्त करने वाले प्रतिनिधि जिम्मेदारी संभालते हैं।
इंतेखाब अहमद ने कहा कि सशक्त स्थायी समिति के चुनाव में कुल 13 पार्षदों ने अपनी दावेदारी पेश की थी, जबकि केवल पांच सदस्यों का ही निर्वाचन होना था। ऐसे में पांच उम्मीदवारों का निर्वाचित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की सफलता का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर परिषद के सभी 45 पार्षद और सशक्त स्थायी समिति के पांच सदस्य मिलकर शहर की प्रमुख समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में शहर के विभिन्न इलाकों में जलजमाव एक गंभीर समस्या बन जाती है। इसके अलावा होल्डिंग टैक्स समेत कई अन्य मुद्दों को लेकर आम नागरिक परेशान रहते हैं। जनता को उम्मीद है कि नई समिति इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगी और नगर परिषद की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाएगी।
नगर परिषद में पिछले दिनों हड़ताल, प्रशासनिक अव्यवस्था और भ्रष्टाचार से जुड़ी खबरों के संबंध में पूछे गए सवाल पर इंतेखाब अहमद ने कहा कि अब बदलाव की संभावना अधिक दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि पहले सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का मनोनयन अध्यक्ष द्वारा किया जाता था, लेकिन अब सरकार ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करते हुए चुनाव की प्रक्रिया लागू की है। इससे समिति के सदस्य सीधे निर्वाचित होकर आए हैं और उन्हें अधिकांश पार्षदों का समर्थन प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि जिन सदस्यों को बहुमत का विश्वास मिला है, उनसे स्वाभाविक रूप से बेहतर कार्य और जवाबदेही की अपेक्षा की जा सकती है। उनके अनुसार निर्वाचित सदस्य नगर परिषद के विभिन्न मुद्दों और चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इंतेखाब अहमद ने सशक्त स्थायी समिति की भूमिका को नगर परिषद की “कैबिनेट” बताते हुए कहा कि शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों में तत्काल निर्णय लेने का अधिकार इसी समिति को प्राप्त होता है। किसी आकस्मिक परिस्थिति, सफाई व्यवस्था, भुगतान या अन्य प्रशासनिक मामलों में बोर्ड की बैठक का इंतजार किए बिना समिति निर्णय ले सकती है, जिसे बाद में बोर्ड द्वारा अनुमोदित किया जाता है। यही कारण है कि इस समिति का महत्व नगर परिषद की कार्यप्रणाली में काफी अधिक है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को संपन्न हुए चुनाव में पल्लवी प्रिया, अर्चना देवी, पूजा देवी, संतोष यादव और सायदा खातून को सशक्त स्थायी समिति का सदस्य निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी डीडीसी सह निर्वाची पदाधिकारी मुकेश कुमार ने की, जबकि जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने सभी निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया।

