✍🏽 परवेज अख्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान : जिले का 52वां स्थापना दिवस और देश के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 140वीं जयंती आगामी तीन दिसंबर को धूमधाम से मनाई जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस अवसर पर कई विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सोमवार को जिला समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि सुबह 7 बजे गांधी मैदान से प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो बबुनिया मोड़ होते हुए राजेंद्र उद्यान पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 8 बजे डॉ. राजेंद्र प्रसाद की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। सुबह 9 बजे जीरादेई स्थित उनके पैतृक आवास में स्थापित प्रतिमा पर भी जिलाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा।
कार्यक्रमों में सहभागिता
प्रभात फेरी में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जिला परिषद, नगर परिषद के अधिकारी, वार्ड सदस्य, स्कूलों के छात्र, आंगनबाड़ी सेविका/सहायिका, आशा कार्यकर्ता, जीविका दीदियां, एएनएम/जीएनएम, नर्स और स्थानीय नागरिक शामिल होंगे। जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्रभात फेरी में स्वच्छता, मध निषेध, खुले में शौच से मुक्ति, दहेज प्रथा उन्मूलन और बाल विवाह के विरोध से जुड़े स्लोगन शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। सिविल सर्जन को एंबुलेंस, जीवन रक्षक दवाइयों और चिकित्सकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
गांधी मैदान में मुख्य समारोह
शहर के गांधी मैदान में मुख्य समारोह आयोजित होगा, जहां विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। आमजन को इन योजनाओं की जानकारी देने के साथ लाभुकों को सरकारी सहायता राशि, वासगीत पर्चा और अन्य सामग्री का वितरण किया जाएगा। शाम 5 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।

