Explore

Search

April 11, 2026 1:31 am

सिवान : सभी पीडीएस दुकानदारों को गोदाम से मिलेगा 50 किलोग्राम खाद्यान

✍🏽परवेज़ अख्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान : जिला परिषद सभागार में शनिवार को जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई, जो खासा हंगामेदार रही। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों और कर्मियों पर लापरवाही और मनमानी के आरोप लगाए।

बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की संपुष्टि से हुई। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। बैठक में खाद्यान, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य, भूमि अधिग्रहण, सिंचाई योजनाएं, मत्स्य संपदा, प्रधानमंत्री आवास योजना, और वन व पर्यावरण विभाग की योजनाओं पर समीक्षा की गई।

सांसद ने बताया कि पिछली बैठक के बाद पीडीएस दुकानदारों को सही वजन में खाद्यान उपलब्ध कराने पर सुधार हुआ है। निर्देश दिया गया कि सभी दुकानदारों को 50 किलोग्राम अनाज दिया जाए, जिसमें बोरी का वजन अलग से जोड़ा जाए। यह सुनिश्चित करने के लिए गोदाम से दुकान तक खाद्यान की आपूर्ति सही वजन के साथ की जाएगी। जिलाधिकारी को इसकी मॉनिटरिंग और बाधाओं को दूर करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में दलित बस्तियों में सड़क निर्माण के लिए 180 स्थानों पर प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी गई। भूमिहीनों को तीन के बदले पांच डिसमिल भूमि देने की बात कही गई। रामजानकी पथ के रैयतों को भूमि अधिग्रहण के बदले 500 करोड़ रुपये दिए जाने हैं, जिसमें अब तक 211 करोड़ रुपये का वितरण किया जा चुका है।

भूमिहीन विद्यालयों को भूमि उपलब्ध कराने और भवनहीन विद्यालयों के लिए भवन निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए। अतिक्रमण की समस्या वाले विद्यालयों को मुक्त कराते हुए 15 दिनों के भीतर कक्षा संचालन शुरू करने का भी आदेश दिया गया।

बैठक में सिवान जंक्शन से बंद पड़ी ट्रेनों के संचालन को फिर से शुरू करने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। जिन स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी है, वहां प्रतिनियुक्ति के लिए स्वास्थ्य मंत्री से संपर्क करने की बात कही गई।

इस बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष संगीता यादव, एमएलसी प्रो. विरेंद्र नारायण यादव, विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ ब्यास सिंह, हरिशंकर यादव, देवेशकांत सिंह, सत्यदेव राम, अमरजीत कुशवाहा, जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार, डीडीसी मुकेश कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर