Explore

Search

March 10, 2026 5:24 am

सिवान : सत्संग श्रवण से सज-संवर जाता है मानव जीवन

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

श्रीराम कथा में कथावाचक राजन महाराज ने बताई सत्संग की महिमा

• वीएमएचई इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित हो रही श्रीराम कथा
• कथावाचक राजन महाराज ने किया आध्यात्मिक प्रवचन
• रामनवमी पर अयोध्या जाने का बताया विशेष महत्व
• कथा के प्रथम दिन नारी शक्ति का वंदन, पंच पल्लव के पौधे वितरित

सिवान : सत्संग की महिमा निराली होती है। जो लोग नियमित रूप से सत्संग का श्रवण करते हैं उनका जीवन सज-संवर जाता है। जिस प्रकार मोटर वाहनों को सर्विसिंग सेंटर की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए सत्संग भी एक प्रकार का सर्विस सेंटर का कार्य करता है।
ये बातें शहर के वीएमएचई इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित श्रीराम कथा के अवसर पर कथावाचक राजन महाराज ने कही। उन्होंने कहा कि हमारी जितनी पात्रता होती है, हमारे पात्र में उतनी ही सामग्री आती है और सत्संग वास्तव में पात्रता का निर्माण करता है।
कथावाचन के दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम की जन्मस्थली परम पावन अयोध्या नगरी की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि जो भी श्रद्धालु रामनवमी के अवसर पर अयोध्या जाता है, उसे सभी तीर्थों के दर्शन का फल प्राप्त होता है।
उन्होंने कहा कि समय रहते अपनी आस्था और श्रद्धा को अभिव्यक्त कर लेना चाहिए तथा तीर्थों का भ्रमण भी कर लेना चाहिए। कब कौन किस प्रकार की अस्वस्थता का शिकार हो जाए, यह केवल भगवान ही जानते हैं।
राजन महाराज ने कहा कि श्रीरामचरितमानस महज एक पुस्तक नहीं बल्कि एक महान ग्रंथ है। जो मन की ग्रंथियों को खोल दे वही ग्रंथ कहलाता है। श्रीरामचरितमानस का प्रत्येक प्रसंग मनुष्य को सकारात्मक मार्गदर्शन देता है और उसके मानस को सद्विचारों से आलोकित करता है। इसलिए जब भी अवसर मिले श्रीरामचरितमानस का पाठ अवश्य करना चाहिए।
श्रीराम कथा के प्रथम दिन नारी शक्ति का वंदन किया गया। कथा के मुख्य यजमान सुभाष प्रसाद एवं धर्मशिला देवी रहे, जबकि सह यजमान और दैनिक यजमानों ने भी श्रद्धापूर्वक कथा का श्रवण किया।
इस दौरान पौराणिक पंगनूर गाय को देखकर श्रद्धालु आनंदित होते रहे। मंच के समीप भरौली मठ के महंत स्वामी रामनारायण दास तथा वेद विद्यालय के बटुक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पांच महिलाओं को पंच पल्लव के पौधे वितरित कर उनकी सेवा का संकल्प भी कराया गया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर