✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: सराय थाना क्षेत्र के तरवारा मोड़ के पास गुरुवार को हुई सड़क दुर्घटना में घायल महिला की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान नगर थाना क्षेत्र के मखदूम सराय मिसकार टोली निवासी सोबराती मियां की पत्नी नजबुन खातून के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, नजबुन खातून गुरुवार को अपने घर से निकली थी। तरवारा मोड़ पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी व्यक्ति ने ही घायल महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया और मौके से फरार हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए महिला को रेफर कर दिया था।
शुक्रवार को इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन शव लेने सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार को सड़क दुर्घटना में घायल महिला का इलाज चल रहा था, लेकिन शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

