✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: संविधान दिवस के अवसर पर शहर के आंबेडकर भवन स्थित संवाद कक्ष में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद संविधान की महत्ता को रेखांकित करते हुए उपस्थित लोगों और स्कूली बच्चों को संविधान की प्रस्तावना और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी गई।
अपर समाहर्ता उपेंद्र कुमार ने संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और प्रस्तावना का स्मरण कराते हुए सभी को राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संविधान हमारे नागरिकों की रक्षा और उत्थान के लिए है और इसकी रक्षा व सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। एडीएम ने इस दिन को संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।
शपथ के दौरान उपस्थित लोगों ने संविधान सभा की उद्देशिका को याद करते हुए यह प्रतिज्ञा ली कि वे भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए और उसके समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्रदान करने के लिए दृढ़संकल्पित रहेंगे।
इस मौके पर विभिन्न विद्यालयों के बच्चे और सरकारी कार्यालयों के कर्मचारी उपस्थित थे।

