✍🏽 परवेज़ अख्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: शहर के नई बस्ती महादेवा स्थित मूक बधीर स्कूल में शनिवार को देहदान समिति द्वारा संस्थापक एवं संरक्षक सुशील कुमार मोदी के जन्म दिवस पखवाड़ा सप्ताह के तहत श्रद्धांजलि एवं संकल्प समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करने और पौधारोपण से की गई। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, बच्चों और शिक्षकों को मिठाई वितरित की गई।
इस दौरान उपस्थित लोगों को मृत्यु के बाद नेत्रदान और अंगदान के महत्व के बारे में बताया गया। आयोजकों ने कहा कि आज से 10 वर्ष पूर्व बिहार में नेत्रदान और देहदान की कल्पना भी नहीं की जाती थी, लेकिन अब 1500 से अधिक कार्निया दान, 19 देहदान और दो अंगदान हो चुके हैं, और 5000 से ज्यादा लोगों ने संकल्प पत्र भरा है।
इस अवसर पर दधीचि देहदान समिति सिवान के जिलाध्यक्ष नीलेश वर्मा नील ने उपस्थित बच्चों एवं विद्यालय परिवार के लोगों को सामूहिक रूप से नेत्रदान और अंगदान का संकल्प दिलाया। समिति के सचिव सतीश शर्मा, भारत भूषण पांडेय, राकेश कुमार और राहुल रंजन ने अंगदान की महानता पर प्रकाश डाला।
भारत भूषण पांडेय ने बच्चों से नेत्रदान, अंगदान और देहदान करने का संकल्प दिलाते हुए महर्षि दधीचि की परंपरा को अपनाकर पीड़ित मानवता की सेवा में योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद कुमार पाठक और दी स्टेप्स पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर अभिषेक कुमार सिंह ने भी नेत्रदान करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के संचालन में सतीश शर्मा, राकेश कुमार और राहुल रंजन का अहम योगदान रहा।

