Explore

Search

April 25, 2026 6:51 pm

सिवान : शार्ट सर्किट से बंबू रेस्टोरेंट में भीषण आग, 90 लाख की संपत्ति जलकर राख

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ


  • अल सुबह लगी आग, एक घंटे देरी से पहुंची दमकल
  • नगर थाना क्षेत्र में अल सुबह भीषण अग्निकांड
  • शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
  • 90 लाख की संपत्ति का नुकसान बताया गया
  • कोई जनहानि नहीं, बड़ा हादसा टला

सिवान : नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र पथ स्थित पीदेवी मोड़ के समीप शुक्रवार की अल सुबह बंबू रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा रेस्टोरेंट जलकर राख में तब्दील हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें काफी तेज थीं और कुछ ही देर में पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि दमकल की टीम करीब एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और रेस्टोरेंट पूरी तरह जल चुका था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने का प्रारंभिक कारण बिजली का शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। बताया गया कि रेस्टोरेंट में लगे बिजली मीटर से चिंगारी उठी, जिसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।


रेस्टोरेंट के मालिक सह अधिवक्ता सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि उन्हें आसपास के लोगों से घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। उन्होंने दमकल विभाग पर देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर टीम पहुंचती तो नुकसान कम हो सकता था।
उन्होंने बताया कि इस अग्निकांड में लगभग 90 लाख रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर