Explore

Search

May 7, 2026 4:41 pm

सिवान : शहर की सड़कों पर उतरे डीएम विवेक रंजन मैत्रेय, सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण का लिया जायजा

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

वार्डों का निरीक्षण कर आम लोगों से सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


  • डीएम ने नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का किया निरीक्षण
  • गंदगी, जलजमाव और अवरुद्ध नालियों पर जताई नाराजगी
  • अतिक्रमण हटाने को लेकर दुकानदारों को दी चेतावनी
  • अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सिवान: नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों एवं सार्वजनिक स्थलों का जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने बुधवार की सुबह निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़क की स्थिति और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। भ्रमण के दौरान जगह-जगह फैली गंदगी, कचरे के ढेर और नालियों की बदहाल स्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई।
डीएम ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की भी सक्रिय भागीदारी जरूरी है। कई स्थानों पर जलजमाव और अवरुद्ध नालियों की समस्या सामने आने पर उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता और अन्य संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई अभियान चलाने तथा जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में जलजमाव की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।


सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं : डीएम
दुकानदारों द्वारा सड़क और फुटपाथ पर सामान फैलाने से आम लोगों को हो रही परेशानी पर डीएम ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकानदारों से स्वयं आगे आकर अतिक्रमण हटाने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने पेयजल संकट, खराब स्ट्रीट लाइट, कचरा उठाव में अनियमितता और नालियों की सफाई में लापरवाही जैसी समस्याएं भी उठाईं। डीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है। अंत में उन्होंने आम लोगों से शहर को साफ-सुथरा रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर