Explore

Search

June 20, 2026 3:22 pm

सिवान : शरारती तत्वों ने तोड़ी जेएनयू नेता चंद्रशेखर की प्रतिमा, सियासी पारा चढ़ा

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

  • गोपालगंज मोड़ गोलंबर पर लगी प्रतिमा देर रात क्षतिग्रस्त
  • पुलिस ने ओवरलोडेड ट्रक को घटना का कारण बताया
  • माले कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर किया हंगामा
  • दो दिन पहले गांधी मैदान में भी प्रतिमा तोड़े जाने से बढ़ा तनाव

सिवान: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोपालगंज मोड़ स्थित गोलंबर पर स्थापित जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कामरेड चंद्रशेखर की आदमकद प्रतिमा मंगलवार की देर रात क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गया।
पुलिस के प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर की गई तोड़फोड़ नहीं, बल्कि एक ओवरलोडेड ट्रक के तार में फंस जाने के कारण हुई है। हालांकि स्थानीय लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं में इसको लेकर अलग-अलग आशंकाएं जताई जा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जीरादेई के पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा, मजदूर यूनियन अध्यक्ष अमित कुमार समेत भाकपा (माले) के सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए जोरदार हंगामा किया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह तथा मुफस्सिल थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी। एसपी ने बताया कि जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ है कि प्रतिमा ट्रक के संपर्क में आने से क्षतिग्रस्त हुई है, फिर भी सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे दो दिन पूर्व ही शहर के गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को भी शरारती तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया था, जिस पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया था। उस मामले में नगर थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहर का माहौल संवेदनशील बना हुआ है और प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का दबाव बढ़ गया है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर