✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
जंक्शन प्लेटफार्म संख्या एक से 75 बोतल देसी शराब बरामद
सिवान: आरपीएफ की विशेष टास्क टीम ने सिवान जंक्शन पर कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 75 बोतल देसी शराब बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग सदर को सुपुर्द कर दिया गया है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खुरमाबाद वार्ड नंबर 14 निवासी मुकेश साह के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद उसे विधिसम्मत कार्रवाई के तहत संबंधित विभाग को सौंप दिया गया।
इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि 28 फरवरी को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त, छपरा के आदेशानुसार विशेष टास्क टीम द्वारा जंक्शन परिसर में निगरानी की जा रही थी। प्लेटफार्म संख्या एक पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को गाड़ी संख्या 15106 से उतरते देखा गया।
तलाशी लेने पर पाया गया कि आरोपी ने अपने शरीर से टेप के माध्यम से देसी शराब की बोतलें बांध रखी थीं तथा कुछ बोतलें एक झोले में रखी थीं। कुल 75 बोतल शराब बरामद की गई। बरामद शराब को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरपीएफ के अनुसार, रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।