✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
एसपी पूरन कुमार झा के निर्देश पर जिलेभर में कार्रवाई, वारंट निष्पादन और यातायात नियम उल्लंघन पर भी जुर्माना
• जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान में 43 आरोपित गिरफ्तार
• शराब, वारंट, डकैती, एनडीपीएस और हत्या के प्रयास के मामलों में कार्रवाई
• 153 लीटर देसी व 27.62 लीटर विदेशी शराब जब्त
• यातायात नियम उल्लंघन पर 75 हजार रुपये जुर्माना वसूला
सिवान: पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पिछले 24 घंटे में पुलिस ने विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 43 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
एसपी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी, शराब के सेवन, बिक्री, भंडारण, निर्माण और परिवहन पर पूर्ण रूप से रोक लगाने तथा देसी शराब भट्ठियों को ध्वस्त करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान शराब से जुड़े मामलों में 13, वारंट के मामले में पांच, डकैती के मामले में पांच, एनडीपीएस एक्ट में दो, हत्या के प्रयास के मामलों में 13, आर्म्स एक्ट के मामले में एक तथा विभिन्न अन्य मामलों में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
इसके साथ ही कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 153 लीटर देसी शराब और 27.62 लीटर विदेशी शराब भी जब्त की। वहीं कुल 30 वारंट और एक कुर्की का निष्पादन भी किया गया।
जिले में अपराध नियंत्रण और यातायात सुरक्षा के मद्देनजर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस दौरान विभिन्न वाहनों से कुल 75 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।

