Explore

Search

April 3, 2026 10:38 pm

सिवान: विशेष अभियान में भारी मात्रा में शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

जिले में शराबबंदी के बावजूद तस्करों द्वारा शराब की तस्करी के प्रयास लगातार जारी हैं। ऐसे में जिला पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमों ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है। इस कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ तस्कर फरार हो गए।

मद्य निषेध निरीक्षक गणेश चंद्र ने बताया कि मैरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर ढाला पर वाहन जांच के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 62 कार्टन शराब बरामद की गई। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसी प्रकार दूसरी कार्रवाई में मैरवा थाना क्षेत्र के डोमडीह पुल के समीप एक कार से 50 कार्टन शराब बरामद की गई। हालांकि, इस घटना में तस्कर मौके से फरार हो गया।

तीसरी कार्रवाई गुठनी चेकपोस्ट पर की गई, जहां एक कार की तलाशी के दौरान 300 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में भी तस्कर भागने में सफल रहा। चौथी कार्रवाई में गुठनी चेकपोस्ट पर ही एक अन्य कार से 234.300 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई और एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।

उत्पाद विभाग और पुलिस ने बताया कि तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर जिले में अवैध शराब के धंधे पर नकेल कसी जा रही है। जिले भर में उत्पाद विभाग की आठ टीमों को तैनात किया गया है, जो नियमित रूप से छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शराब तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर