✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
अपराध नियंत्रण व शराबबंदी को लेकर सख्ती
सिवान: पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 24 घंटे में कुल 22 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में एसपी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
जारी बयान के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य बदमाशों की गिरफ्तारी, शराब के सेवन, बिक्री, भंडारण, निर्माण और परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करना तथा अवैध देसी शराब भट्ठियों को ध्वस्त करना था। कार्रवाई के दौरान कुल 22 अभियुक्तों को विभिन्न मामलों में गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में शराब कांड के 16, हत्या के प्रयास के एक, एनडीपीएस एक्ट के एक, विविध कांड के दो तथा वारंट के दो आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 659.6 लीटर देसी शराब और 1.26 लीटर विदेशी शराब जब्त की। इसके अलावा 0.099 ग्राम गांजा, 60 पुड़िया स्मैक, 8.40 लीटर स्प्रिट, शराब बनाने के दो ताबा उपकरण तथा अन्य सामान बरामद किया गया। दो दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए।
अभियान के दौरान 39 वारंट और पांच कुर्की का निष्पादन किया गया। वहीं अपराध नियंत्रण और यातायात सुरक्षा के मद्देनजर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 48 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
एसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शराबबंदी कानून के सख्त अनुपालन के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।