Explore

Search

May 1, 2026 11:00 am

सिवान : विज्ञान प्रदर्शनी में शोध और नवाचार की दिखी झलक

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर सिटी मांटेसरी स्कूल में छात्रों ने प्रस्तुत किए आकर्षक मॉडल

सिवान: शहर के गांधी मैदान स्थित सिटी मांटेसरी स्कूल में शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विज्ञान मेले का उद्घाटन वरीय अधिवक्ता शिवनाथ सिंह, प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह, डॉ. समीर एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने छात्रों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
प्रदर्शनी में नन्हें वैज्ञानिकों द्वारा तैयार किए गए मॉडल आकर्षण का केंद्र बने रहे। छात्रों ने नवीकरणीय ऊर्जा के स्रोतों पर आधारित सौर ऊर्जा संयंत्र, पवन ऊर्जा मॉडल, जल संरक्षण के आधुनिक एवं व्यवहारिक उपाय, स्मार्ट सिटी की परिकल्पना, रोबोटिक्स तकनीक तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभिनव प्रयोग प्रस्तुत किए। उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों की वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना की प्रशंसा की।
प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसे आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा को निखारने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और तकनीकी समझ ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जिज्ञासा और अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।
इस अवसर पर शिक्षक पार्वती देवी, संजय श्रीवास्तव, अवंतिका अंजली, पीयूष कुमार, श्रीराम साह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर