✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
त्वरित विचारण में लापरवाही पर सिवान के 21 थानाध्यक्षों का वेतन धारित, एसपी ने की बड़ी कार्रवाई
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना पर कार्रवाई
• सिवान एसपी ने 21 थानाध्यक्षों का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित किया।
• त्वरित विचारण से संबंधित अद्यतन कांडों की सूची नहीं भेजने पर हुई कार्रवाई।
• पुलिस मुख्यालय के निर्देशों की अवहेलना और कार्य में लापरवाही को माना गया गंभीर।
• सभी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
सिवान। गंभीर एवं चर्चित कांडों के त्वरित निष्पादन तथा साक्ष्यपूर्ण मामलों में शीघ्र न्यायिक विचारण सुनिश्चित करने के लिए जारी निर्देशों की अवहेलना करने पर पुलिस अधीक्षक सिवान ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। एसपी ने जिले के 21 थानाध्यक्षों का वेतन तत्काल प्रभाव से धारित (स्थगित) कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना द्वारा सभी थानाध्यक्षों को गंभीर एवं चर्चित कांडों के त्वरित निष्पादन तथा साक्ष्यपूर्ण मामलों में शीघ्र विचारण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस कार्यालय, सिवान की अभियोजन एवं त्वरित विचारण शाखा द्वारा पिछले दो महीनों से सभी थानों से अद्यतन कांडों की सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जा रहा था।
इसके बावजूद अधिकांश थानों द्वारा निर्धारित सूची उपलब्ध नहीं कराई गई। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना एवं कार्य के प्रति लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित 21 थानाध्यक्षों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनका वेतन तत्काल प्रभाव से धारित कर दिया। साथ ही सभी अधिकारियों को शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है।
जिन थानाध्यक्षों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है उनमें नगर, मुफस्सिल, बड़हरिया, हुसैनगंज, धनौती, महादेवा, सराय, जीरादेई, मैरवा, गुठनी, आन्दर, रघुनाथपुर, असांव, एमएच नगर, सिसवन, चैनपुर, जीबी नगर, बसंतपुर, दरौंदा, महिला थाना तथा एससी/एसटी थाना के प्रभारी शामिल हैं।
पुलिस विभाग का कहना है कि त्वरित अनुसंधान एवं न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी। सिवान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था एवं न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए सभी स्तरों पर जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है।

