Explore

Search

May 29, 2026 9:30 pm

सिवान : रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से ओएचई वायर टूटा, कई ट्रेनों का बदला मार्ग

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

आंधी-बारिश से रेल परिचालन प्रभावित, कई महत्वपूर्ण ट्रेनें घंटों रहीं विलंबित


• गौरी बाजार के समीप रेल ट्रैक पर पेड़ गिरने से ओएचई वायर टूटा
• कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग बदलकर चलाया गया
• मौर्य, पाटलिपुत्र और वैशाली एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें हुईं लेट
• मरम्मत कार्य के बाद देर शाम दोनों लाइनों पर परिचालन सामान्य हुआ


सिवान। तेज आंधी और बारिश के कारण शुक्रवार सुबह रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया। गोरखपुर-सिवान रेलखंड के गौरी बाजार के समीप रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिर जाने से ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) वायर टूट गया, जिसके चलते कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई और रेल प्रशासन को कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग बदलना पड़ा।

रेल प्रशासन के अनुसार तकनीकी बाधा उत्पन्न होने के बाद 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस, 15652 लोहित एक्सप्रेस, 02570 नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल तथा 02564 नई दिल्ली-बरौनी स्पेशल ट्रेन को कप्तानगंज-थावे होते हुए सिवान मार्ग से डायवर्ट कर संचालित किया गया।

आंधी और बारिश के कारण रेलखंड पर कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार 15028 मौर्य एक्सप्रेस करीब साढ़े तीन घंटे विलंब से चली, जबकि गोरखपुर-छपरा सवारी गाड़ी लगभग डेढ़ घंटे देर से रवाना हुई। वहीं 15034 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और 15566 वैशाली एक्सप्रेस भी लगभग एक-एक घंटे विलंबित रहीं।

रेल अधिकारियों ने बताया कि मौसम सामान्य होने के बाद ट्रैक और ओएचई लाइन की जांच एवं मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया। आवश्यक मरम्मत पूरी होने के बाद दोपहर तक अप लाइन तथा देर शाम तक दोनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन बहाल कर दिया गया।

रेल प्रशासन के अनुसार वर्तमान में रेल यातायात सामान्य हो चुका है और सभी ट्रेनों का परिचालन निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संचालित किया जा रहा है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर