✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
गांधी मैदान से निकली शोभा यात्रा, शहर में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे
- गांधी मैदान से साढ़े 11 बजे निकली भव्य शोभा यात्रा
- हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी, महिलाओं ने भक्ति गीतों से बढ़ाया उत्साह
- शहरभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 200 दंडाधिकारी व 2000 से अधिक पुलिस बल तैनात
- झांकियों और देशभक्ति के नारों ने लोगों को किया मंत्रमुग्ध
सिवान: रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को शहर में भगवान श्रीराम की भव्य शोभा यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। सुबह करीब साढ़े 11 बजे गांधी मैदान से शुरू हुई यह शोभा यात्रा तय रूट के अनुसार शहर की विभिन्न सड़कों से होकर गुजरी। जैसे ही यात्रा मुख्य सड़कों पर पहुंची, हजारों की संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होते चले गए और देखते ही देखते पूरा शहर राममय हो उठा।
शोभा यात्रा के दौरान महिला श्रद्धालुओं ने भगवान राम के भजन गाकर माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया, वहीं युवाओं का उत्साह चरम पर दिखा। विभिन्न प्रकार की आकर्षक झांकियां भी यात्रा का मुख्य आकर्षण रहीं, जिन्होंने लोगों को धर्म और आस्था के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने स्वयं विधि-व्यवस्था की कमान संभाल रखी थी। जिले भर में 200 से अधिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जबकि 2000 से अधिक पुलिस बल तैनात थे। इसके अलावा हर चौक-चौराहे पर सादे लिबास में भी पुलिस कर्मी निगरानी करते नजर आए।
शोभा यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। युवाओं में देशभक्ति का जोश साफ देखा गया। वहीं आकर्षक झांकियों को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस यादगार पल को कैमरों में कैद करने की होड़ भी देखने को मिली। महिलाएं और युवतियां मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाती नजर आईं, वहीं कई लोगों ने अपने परिजनों को वीडियो कॉल के जरिए लाइव दर्शन भी कराए।
इस शोभा यात्रा में श्रीराम-भक्ति के साथ-साथ देशभक्ति का भी अद्भुत संगम देखने को मिला। जुलूस में शामिल भक्त लगातार जय श्रीराम और भारत माता के जयघोष करते रहे। आयोजन में राम जन्म महोत्सव समिति के अध्यक्ष सह वरीय अधिवक्ता सुनील दत्त शुक्ल, सचिव मुकेश कुमार, ई. सतीश कुमार सिंह, मनीष कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, धनंजय सिंह, मुकेश कुमार बंटी, संतोष राउत, दयानंद प्रसाद, चंद्रविजय प्रकाश उर्फ हैप्पी यादव, बबलू साह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

