✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
आठ से 16 मार्च तक वीएम इंटर कॉलेज में होगा संगीतमय श्रीराम कथा आयोजन
सिवान: अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पूज्य राजन महाराज के श्रीमुख से आठ से 16 मार्च तक आयोजित होने वाली श्रीराम कथा के प्रचार-प्रसार को लेकर रविवार को शहर में भव्य जागरण यात्रा निकाली गई। श्रद्धा और उत्साह से भरी यह यात्रा नगर के तरवारा मोड़ से प्रारंभ होकर राजेंद्र पथ, बबुनिया मोड़, जेपी चौक और मालवीय चौक होते हुए वीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण तक पहुंची।
जागरण यात्रा के दौरान श्रीराम कथा आयोजन समिति के सदस्यों ने नगरवासियों से घर-घर संपर्क कर कथा श्रवण हेतु आमंत्रित किया। नगर से गुजरते श्रद्धा के कारवां को देख लोगों में उत्सुकता दिखाई दी और कई स्थानों पर लोगों ने कथा आयोजन की जानकारी प्राप्त की।
श्रीराम कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजन कल्याण सिंह ने बताया कि नगर के वीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में आठ से 16 मार्च तक संगीतमय, लालित्यपूर्ण एवं रसमयी श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा का लाभ उठाने और आयोजन में सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष कथा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का विशेष प्रयास किया जाएगा। इसके तहत आगत अतिथियों को ‘पंच पल्लव’ के पौधे भेंट किए जाएंगे, ताकि समाज में हरियाली और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
स्वागताध्यक्ष डॉ. शरद चौधरी ने कहा कि पूज्य राजन महाराज के श्रीमुख से श्रीराम कथा का श्रवण आध्यात्मिक आनंद की अद्भुत अनुभूति कराता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरे समाज का है, जो समाज के सहयोग और प्रभु श्रीराम की अहैतुक कृपा से ही सफल होगा।
संयोजक डॉ. रूपेश कुमार ने बताया कि कथा आरंभ होने के एक दिन पूर्व सात मार्च को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें नगर की मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि वीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में पंडाल निर्माण का कार्य प्रारंभ हो चुका है और सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

