Explore

Search

March 27, 2026 1:32 am

सिवान : रामनवमी शोभायात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, छतों व सड़कों से हटाई गई ईंटें

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

ड्रोन से निगरानी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

  • रामनवमी शोभायात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क
  • ड्रोन कैमरे से रूट की निगरानी और जांच
  • कई घरों की छतों व सड़कों से हटाई गई ईंटें
  • एसएसबी समेत भारी पुलिस बल की तैनाती

सिवान: शहर में शुक्रवार को निकलने वाली रामनवमी शोभायात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हंगामे को रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
गुरुवार को डीएम विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर नगर थाना इंस्पेक्टर अविनाश कुमार ने पुलिस टीम के साथ शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्रोन कैमरे की मदद से पूरे रूट का बारीकी से जायजा लिया गया।
ड्रोन सर्विलांस के दौरान जिन स्थानों पर संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं, उन्हें तुरंत हटाया गया। कई घरों की छतों और सड़कों पर रखी ईंटों को भी सुरक्षा के मद्देनजर हटाया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को खत्म किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसएसबी की दो कंपनियों सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिले के सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर थाना इंस्पेक्टर ने जानकारी दी कि शोभायात्रा मार्ग के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। साथ ही ड्रोन कैमरे के जरिए लगभग पांच किलोमीटर के दायरे में लगातार नजर रखी जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर