✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
गैस संकट और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
- रसोई गैस की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में प्रदर्शन
- अम्बेडकर चौक पर प्रधानमंत्री व पेट्रोलियम मंत्री का पुतला दहन
- एलपीजी सिलेंडर व पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त आपूर्ति की मांग
- महंगाई और आपूर्ति संकट पर केंद्र सरकार को घेरा
सिवान, 24 मार्च 2026: रसोई गैस की किल्लत और कालाबाजारी को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन किया। इसी क्रम में सिवान शहर के अम्बेडकर चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “रसोई गैस की किल्लत दूर करो”, “कालाबाजारी बंद करो” और “पर्याप्त मात्रा में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराओ” जैसे नारे लगाए। इसके साथ ही केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ भी जमकर विरोध जताया गया।
पुतला दहन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि आम जनता एलपीजी सिलेंडर की कमी से काफी परेशान है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार के अनुसार पर्याप्त गैस उपलब्ध है, तो एजेंसियों पर लोगों की लंबी कतारें क्यों लग रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाया।
किसान कांग्रेस के राज्य महासचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण पेट्रोलियम आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने दावा किया कि पहले जहां ईरान से कम समय में आपूर्ति हो जाती थी, वहीं अब अमेरिका से आपूर्ति में अधिक समय लग रहा है, जिससे संकट की स्थिति बन रही है।
वहीं कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में रसोई गैस सस्ती थी, जबकि वर्तमान में इसकी कीमत आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर लोग मनमाने दाम पर सिलेंडर खरीदने को मजबूर हैं।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता शशि कुमार, जवाहर राम, राधेश्याम शर्मा, अमित कुशवाहा, छोटन सिंह, बैजनाथ महतो, मनुल मिश्रा, रुपेश कुमार, संदेश ठाकुर, शहादत अली, मुकेश कुमार, अजय शर्मा, रवि कुमार, बिपिन कुमार समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

