योग दिवस पर लिया गया निरोग रहने का संकल्प, जिले भर में आयोजित हुए योग शिविर
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
विद्यालयों, महाविद्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर हुआ आयोजन, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने लिया भाग
सिवान : जिले के विभिन्न प्रखंडों में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संगठनों और सरकारी संस्थानों द्वारा योग शिविर का आयोजन कर लोगों को निरोग रहने का संकल्प दिलाया गया।
शहर के राजा सिंह महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तहत योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें प्राचार्य डॉ. अजय कुमार पंडित, डॉ. सुनीता, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. शैलेश कुमार राम सहित कई शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
वहीं मोतीपार्क में बिहार पिकांथन टीम द्वारा योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें एम्बेसडर नीलम मिश्रा के निर्देशन में अर्पणा द्विवेदी, बीना सिंह, प्रतिमा पंडित सहित अनेक महिलाओं ने भाग लिया।
महाराजगंज के गोरख सिंह महाविद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों – एसकेजेआर मध्य विद्यालय, रामापाली, सुरबीर, नौतन, महुआरी आदि में भी योग दिवस मनाया गया। नगर पंचायत द्वारा मनोज मैरिज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेत्री सुप्रिया जायसवाल, ईओ हरिश्चंद्र सहित पार्षदों ने भाग लिया।
डीएवी पब्लिक स्कूल में चित्रकला, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। वहीं आंदर, दारौंदा, भगवानपुर हाट, हुसैनगंज और गोरेयाकोठी प्रखंडों के विभिन्न विद्यालयों – रकौली, असांव, बरवां, उज्जैन-बंगरा, गौरा, जुआफर आदि में भी व्यापक स्तर पर योग अभ्यास हुआ।
हुसैनगंज सीएचसी में प्रभारी डॉ. कन्हैया चौधरी की देखरेख में योग शिविर आयोजित किया गया। नारायण महाविद्यालय गोरेयाकोठी में डॉ. शंभू कुमार व प्रो. कपिलेश्वर राय के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ।
बसंतपुर के आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय में प्रधानाध्यापक हृदयानंद सिंह के नेतृत्व में योग की महत्ता बताई गई।
जिले भर के सैकड़ों छात्रों, शिक्षकों, महिलाओं और नागरिकों ने योग का महत्व समझते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।