✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर एक महिला यात्री का मोबाइल छीनकर भाग रहे चोर को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पकड़ा और उसके पास से मोबाइल बरामद कर लिया। गिरफ्तार चोर की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मड़कन गांव निवासी विजय चौहान के रूप में हुई है। आरपीएफ ने चोर को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि बुधवार को जंक्शन पर निगरानी के दौरान रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बेलवार गांव निवासी महिला शांति देवी से चोर ने मोबाइल छीनने की कोशिश की। प्लेटफार्म पर तैनात आरपीएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मोबाइल के साथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार चोर विजय चौहान छपरा-सिवान-गोरखपुर रेलखंड और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के कीमती सामान, गहने और मोबाइल चोरी करने में संलिप्त है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में जीआरपी के उप निरीक्षक अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल धर्म प्रकाश मिश्र और परमेन्द्र राय शामिल थे।

