Explore

Search

March 10, 2026 5:29 am

सिवान : मैट्रिक की 50% व इंटरमीडिएट की 100% कॉपियों का मूल्यांकन पूरा

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सीवान में अंतिम चरण में पहुंचा बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन

• इंटरमीडिएट की 3,07,819 कॉपियों का मूल्यांकन पूरा
• मैट्रिक की 3,91,992 में से करीब 1,95,000 कॉपियां जांची गईं
• मूल्यांकन के लिए जिले में बनाए गए 6-6 केंद्र
• निष्पक्षता के लिए केंद्रों पर सीसी कैमरे व मोबाइल पर प्रतिबंध

सीवान : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित इंटरमीडिएट व मैट्रिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इंटरमीडिएट की कॉपियों का मूल्यांकन शत प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा की कुल 3,07,819 कॉपियों का मूल्यांकन किया जाना था, जिनका लगभग पूरा कार्य संपन्न हो चुका है।
वहीं मैट्रिक परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन का कार्य भी तेजी से जारी है। जानकारी के अनुसार मैट्रिक की कुल 3,91,992 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना है, जिसमें से लगभग 1,95,000 कॉपियों की जांच पूरी कर ली गई है। इस प्रकार अब तक करीब 50 प्रतिशत कॉपियों का मूल्यांकन किया जा चुका है।
बताते चलें कि इंटरमीडिएट परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए जिले में छह मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। इनमें जेडए इस्लामियां पीजी कॉलेज, डीएवी हाई स्कूल, डीएवी हाई स्कूल पार्ट-2, वीएम हाई स्कूल पार्ट-1 व पार्ट-2 तथा राजवंशी देवी बालिका उच्च विद्यालय शामिल हैं।
इसी प्रकार मैट्रिक परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए भी छह केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें इस्लामियां हाई स्कूल, डीएवी मध्य विद्यालय, दाउद मेमोरियल बालिका उच्च विद्यालय, आर्य कन्या उच्च विद्यालय, ब्रजकिशोर उच्च विद्यालय तथा जीडीके हाई स्कूल रसीदचक मठिया शामिल हैं।
मूल्यांकन को लेकर परीक्षकों की सूची पहले ही जारी कर दी गई थी तथा प्रत्येक केंद्र पर केंद्र निदेशक और सुपरवाइजर की नियुक्ति की गई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने सभी केंद्र निदेशकों को मूल्यांकन कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर पुस्तिकाओं की जांच निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसी कैमरे लगाए गए हैं तथा परीक्षकों और सह परीक्षकों को मूल्यांकन कक्ष में मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं है। साथ ही बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर भी सख्त रोक लगाई गई है।
गौरतलब है कि इंटरमीडिएट परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन 27 फरवरी से शुरू हुआ था, जिसकी अंतिम तिथि 10 मार्च निर्धारित की गई थी। वहीं मैट्रिक परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन 2 मार्च से शुरू हुआ है, जो 13 मार्च तक चलेगा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर