Explore

Search

June 20, 2026 10:50 am

सिवान में सनसनी: भाजपा नेता के बहनोई-भांजे को मारी गोली, भांजे की मौत

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

ओवरब्रिज के पास टक्कर के बाद विवाद, बदमाशों ने की फायरिंग


  • सिवान शहर के आंदर ओवरब्रिज के पास घटना
  • कार की टक्कर के बाद बढ़ा विवाद
  • भांजे हर्ष सिंह की मौके पर मौत
  • चंदन सिंह गंभीर हालत में रेफर

सिवान जिले में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना में रोडरेज के दौरान भाजपा नेता के परिवार को निशाना बनाते हुए गोलीबारी कर दी गई। इस घटना में भाजपा नेता एवं सिवान सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के भांजे हर्ष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बहनोई चंदन कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना सिवान शहर के आंदर ओवरब्रिज के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, चंदन कुमार सिंह अपने पुत्र हर्ष सिंह के साथ थार गाड़ी से तिलक समारोह में शामिल होने के लिए पचरुखी के आलापुर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद जब दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई, तो मामला विवाद में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में सवार युवकों ने अचानक हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।

गोली लगने से हर्ष सिंह के सीने में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चंदन कुमार सिंह के गर्दन के पास गोली लगी, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल से रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। सदर अस्पताल में परिजनों और समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय भाजपा विधायक व्यास सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।


पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर