Explore

Search

March 14, 2026 11:24 pm

सिवान में डा. आंबेडकर के जन्म दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान : संविधान निर्माता भारत रत्न डा. भीमराव आंबेडकर के जन्म दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं स्थानों पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डा. आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी जीवनगाथा एवं संघर्षों पर प्रकाश डाला गया तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

राजा सिंह कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. डा. सुनीता के नेतृत्व में भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता का विषय था – “हमारे मौलिक अधिकार” एवं “हमारा संविधान हमारी पहचान”। इसमें कुमकुम ने प्रथम, रिया ने द्वितीय एवं वंदना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में निभा ने प्रथम, मुस्कान ने द्वितीय एवं रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजनीति शास्त्र विभाग के सहायक प्रोफेसर सह बर्सर डा. शैलेश कुमार राम ने की। कार्यक्रम में शिक्षकेत्तर कर्मी नरेंद्र सिंह, राकेश कुमार, अनीता देवी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

उधर, दारोगा प्रसाद राय डिग्री कॉलेज में प्राचार्य डा. मुसाफिर शर्मा की अध्यक्षता में डा. आंबेडकर जयंती मनाई गई। इस अवसर पर प्रो. सौमित्र कुमार, डा. प्रियरंजन, प्रो. शिवजी प्रसाद यादव, डा. ओमप्रकाश, प्रो. राजेंद्र राय, प्रो. प्रदीप कुमार यादव, उमेश चौधरी, प्रो. विनोद प्रसाद समेत अनेक शिक्षकों व विद्यार्थियों ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर समारोह का समापन किया।

इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न प्रखंडों में कांग्रेस पार्टी की ओर से “भीम शक्ति संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम प्रभारी मिथिलेश शर्मा मधुकर ने कहा कि बाबा साहब के विचारों पर हमला, देश के संविधान पर सीधा हमला है। कांग्रेस सभी धर्म, संप्रदाय और समुदायों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।

कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि डा. के. एहतशाम अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि डा. आंबेडकर ने जिन शोषित और पीड़ित वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया, आज उन्हें फिर से जागरूक होकर अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आना होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर