✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
गोलंबर स्थित आदमकद प्रतिमा को शरारती तत्वों ने किया क्षतिग्रस्त
- गोपालगंज मोड़ गोलंबर पर लगी प्रतिमा को देर रात तोड़ा गया
- ऐक्टू के राज्य सचिव अमित कुमार ने दर्ज कराई प्राथमिकी
- अज्ञात लोगों पर साजिश के तहत तोड़फोड़ का आरोप
- दोषियों की गिरफ्तारी और प्रतिमा पुनः स्थापित करने की मांग
सिवान। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोपालगंज मोड़ स्थित गोलंबर पर स्थापित जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कामरेड चंद्रशेखर की आदमकद प्रतिमा को मंगलवार की देर रात अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
इस मामले में बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (ऐक्टू) के राज्य सचिव अमित कुमार ने मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में बताया गया है कि 14 अप्रैल की रात करीब साढ़े दस बजे नगर परिषद कर्मी सोनू कुमार ने सूचना दी कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चंद्रशेखर उर्फ चंदु की प्रतिमा को तोड़ दिया गया है।
आवेदन में यह भी आशंका जताई गई है कि इस घटना के पीछे शरारती तत्वों की साजिश हो सकती है। संगठन की ओर से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, क्षतिग्रस्त प्रतिमा को जल्द से जल्द पुनः स्थापित करने की भी मांग की गई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में रोष व्याप्त है। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

