✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
तीन महीने में सप्लाई की उम्मीद, एलपीजी से सस्ती होगी पीएनजी गैस
- डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने कार्यों का किया निरीक्षण
- देवरिया से गुठनी, मैरवा होते हुए सिवान तक पहुंचेगी पाइपलाइन
- बीपीसीएल को बनाया गया नोडल एजेंसी
- घरेलू उपभोक्ताओं को सस्ती व स्वच्छ गैस मिलेगी
सिवान: जिले में घरों तक सीधे पाइपलाइन के जरिए पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति की तैयारी तेज हो गई है। जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने बुधवार को राम जानकी पथ एवं गैस पाइपलाइन बिछाने के कार्यों का निरीक्षण किया और प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बताया कि सिवान जिले में अगले तीन महीने के भीतर पीएनजी गैस पाइपलाइन पहुंचने की पूरी संभावना है। यह पाइपलाइन देवरिया जिला से होते हुए गुठनी, मैरवा तथा नगर परिषद क्षेत्र सिवान तक पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए बीपीसीएल (भारत पेट्रोलियम) को नोडल एजेंसी बनाया गया है, जो पाइपलाइन बिछाने का कार्य कर रही है।
डीएम ने कहा कि पीएनजी गैस की आपूर्ति शुरू होने से उपभोक्ताओं को कई फायदे होंगे। इससे घरेलू गैस की लागत में कमी आएगी और लोगों को स्वच्छ ईंधन आसानी से उपलब्ध होगा। साथ ही गैस सिलेंडर की बुकिंग और वेंडर पर निर्भरता से भी राहत मिलेगी।
प्रशासन के अनुसार, यह योजना शहरी क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी धीरे-धीरे विस्तार की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

