सिवान में गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बरहन गांव में सो रहे व्यक्ति को बदमाशों ने मारी गोली
सिवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहन गांव में सोमवार की देर रात अज्ञात बदमाशों ने सुप्तावस्था में एक व्यक्ति की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान बरहन निवासी 55 वर्षीय झूलन प्रसाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, झूलन प्रसाद प्रतिदिन की तरह घर के बाहर सोए हुए थे। देर रात अचानक दो गोलियों की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब घरवाले बाहर निकले तो आसपास कोई नजर नहीं आया। इस दौरान झूलन प्रसाद के सिर से खून बहता देखा गया।
आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि रात में स्पष्ट रूप से गोली लगने का अंदेशा नहीं हो पाया था। शव को घर लाया गया, लेकिन सुबह जब ग्रामीणों की नजर मृतक के चेहरे पर पड़ी तो नाक के ऊपर बीचों-बीच छेद दिखाई दिया। इसके बाद दोबारा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।
पोस्टमार्टम के दौरान सिर में गोली फंसी होने की पुष्टि हुई, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थाना के पदाधिकारी सदर अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि हुई है। मृतक के पुत्र द्वारा आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।