✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- बसंतपुर में पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी गिरफ्ताररात्रि छापेमारी के दौरान मुठभेड़
- दोनों घायल अपराधियों का इलाज जारी
- कई लूट कांडों में शामिल रहे आरोपी
- एसपी ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण
सिवान, बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि लहजी बसंतपुर के समीप कुछ अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए।
घायल अपराधियों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, सिवान भेजा गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रोहित शर्मा और रोहित कुमार उर्फ रिषु के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रोहित शर्मा बसंतपुर ज्वेलरी शॉप लूट, खोरीपाकर, बगोरा और हैदरबाद खजाना ज्वेलर्स लूट कांड समेत कई मामलों में शामिल रहा है, जबकि रोहित कुमार उर्फ रिषु बसंतपुर लूट कांड में संलिप्त रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिवान और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महाराजगंज मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य संग्रह की प्रक्रिया भी कराई गई। दोनों घायल अपराधियों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

