Explore

Search

March 5, 2026 7:05 pm

सिवान में अलग-अलग सड़क हादसों में 18 घायल, कई गंभीर हालत में रेफर

सिवान में अलग-अलग सड़क हादसों में 18 घायल, कई गंभीर हालत में रेफर
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सिवान: जिले के विभिन्न इलाकों में शनिवार की रात हुए दो भीषण सड़क हादसों में कुल 18 लोग घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायलों को सदर अस्पताल सिवान रेफर कर दिया गया।

पहली बड़ी दुर्घटना सिसवन-सिवान मुख्य पथ (एसएच 89) पर सहुली-फलदुधिया के समीप रात करीब 8:30 बजे हुई। घटना उस समय हुई जब भागर निवासी अरविंद कुमार की बारात हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रामपुर जा रही थी। इसी दौरान बरातियों से भरी एक सवारी गाड़ी सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से टकरा गई, जिससे सवारी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सवारी गाड़ी और ट्रैक्टर दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

इस हादसे में कन्हैया राम, सत्येंद्र राम, लाली राम, अमर राम, उत्तिम राम, बिगन राम, संतोष राम, भोला राम, सुबास राम समेत 16 बराती घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। जांच में पाया गया कि सवारी गाड़ी का अगला चक्का फट चुका था जबकि ट्रैक्टर का रिम और चक्का क्षतिग्रस्त था।

दूसरी घटना रघुनाथपुर-सिसवन मुख्य पथ पर पंजवार गांव के पास हुई। यहां महाराजगंज के सिसई निवासी सुभाष राम और सारण के रसूलपुर थाना क्षेत्र के अर्जुन राम एक बाइक पर सवार होकर शादी समारोह में जा रहे थे। तभी रघुनाथपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बोलेरो ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर सदर अस्पताल सिवान रेफर किया गया।

दोनों मामलों में पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है और वाहनों को जब्त कर थाना में रखवाया गया है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर