✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
होली-रमजान सहित प्रमुख पर्वों को लेकर पुलिस की विशेष तैयारी
सिवान: होली और रमजान को ध्यान में रखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस केंद्र में दंगा एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर माक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देशन में संपन्न हुआ।
एसपी ने बताया कि होली, चैत्र नवरात्रा, ईद, चैत्र छठ एवं रामनवमी जैसे प्रमुख पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस बल को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
माक ड्रिल के दौरान दंगा नियंत्रण से संबंधित रणनीतियों का अभ्यास कराया गया। आंसू गैस, बॉडी प्रोटेक्टर, वज्र वाहन समेत अन्य दंगा-निरोधी उपकरणों के प्रभावी उपयोग का प्रदर्शन किया गया। पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई तथा आपात स्थिति से निपटने के उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी पर्व-त्योहारों के दौरान जिलेवासियों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। जिला पुलिस किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूर्णतः तैयार है।